खांडा में सीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 110 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, महिला आरोपी गिरफ्तार
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस : थाना प्रभारी राजेश मिश्रा

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे चेतना विरुद्ध नशा अभियान के तहत सीपत पुलिस ने बुधवार को ग्राम खांडा में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची महुआ शराब बनाने और बेचने के धंधे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 110 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
रंगे हाथ पकड़ी गई आरोपी
दिनांक 03 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खांडा में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब तैयार कर बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सीपत की टीम ने तत्काल दबिश दी। रेड के दौरान पुलिस ने अंजनी सिदार (25 वर्ष), पति राजेश सिदार, निवासी ग्राम खांडा को अवैध रूप से शराब बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
शराब और उपकरण जब्त
पुलिस ने मौके से 110 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमत लगभग 22,000 रुपए व शराब बनाने के उपकरण डेचकी, एल्यूमिनियम कोपरा एवं पाइप सहित अन्य बर्तन जब्त किए हैं। भी आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि सीपत पुलिस क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। हमारी प्राथमिकता युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव से बचाना है। आगे भी सूचना मिलने पर इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे। अवैध शराब बनाने और बेचने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। नशे के विरुद्ध अभियान जारी सीपत पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हडक़ंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
सीपत पुलिस का संदेश: नशे से दूरी ही सुरक्षित जिंदगी की गारंटी



