देश / विदेश

पहले निजी ऑर्बिटल रॉकेट ‘विक्रम-1’ की सफल लॉन्चिंग

भारत ने रचा इतिहास

श्रीहरिकोटा। भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। देश का पहला निजी ऑर्बिटल रॉकेट ‘विक्रम-1’ शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। इस मिशन के साथ भारत ने निजी अंतरिक्ष प्रक्षेपण के नए युग में कदम रख दिया है। रॉकेट ने दो उपग्रहों समेत छह पेलोड को सफलतापूर्वक निम्न-पृथ्वी कक्षा में स्थापित किया।
हालांकि लॉन्चिंग सुबह 11:30 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन अंतिम समय में तकनीकी जांच के चलते कुछ देर के लिए इसे रोक दिया गया। सभी प्रणालियों की पुष्टि के बाद लॉन्च प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई और मिशन सफल रहा।
सफल लॉन्च के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्काईरूट एयरोस्पेस की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने श्रीहरिकोटा में मौजूद टीम से फोन पर बात करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक मिशन नहीं, बल्कि भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र के नए युग का ‘आगमन’ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘स्काईरूट एयरोस्पेस की पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई। मैं पूरा लॉन्च देख रहा था। आपकी टीम में अधिकांश युवा हैं और यही भारत की सबसे बड़ी ताकत है। यह आगमन अब और आगे बढऩा चाहिए। ‘

Related Articles

Back to top button