अम्बिकापुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, पांच संभागों के 595 खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
सांसद चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बॉल डालकर किया चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ

- खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण है खेल भावना, अनुशासन और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रू सांसद चिंतामणि महाराज
- फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्ट टेनिस की विभिन्न आयु वर्गों में होंगी प्रतियोगिताएं
रायपुर, 24 अक्टूबर। सरगुजा संभाग के मुख्यालय अम्बिकापुर में शुक्रवार को 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का रंगारंग शुभारंभ हुआ। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज स्कूल) के खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बॉल डालकर किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के 595 खिलाड़ी एवं प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। शुभारंभ समारोह में विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य, पारंपरिक गीत-संगीत और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह जीवन में चुनौतियों का सामना करने, निरंतर प्रयास करने और सफलता की दिशा में आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। खेलों के माध्यम से आपसी सद्भाव, सहयोग और राष्ट्रीय एकता की भावना भी मजबूत होती है।
सांसद श्री महाराज ने प्रतियोगिता में शामिल सभी संभागों के खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी को पूरी लगन, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हार और जीत जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, लेकिन एक अच्छे खिलाड़ी की पहचान उसके समर्पण, मेहनत और सकारात्मक खेल भावना से होती है। उन्होंने खिलाडिय़ों को निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य स्तर से आगे बढक़र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। सांसद ने सभी खिलाडिय़ों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
अम्बिकापुर में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्ट टेनिस की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत 19 वर्ष आयु वर्ग के बालकों की फुटबॉल, 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की बास्केटबॉल तथा 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की बैडमिंटन और सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
इस आयोजन में प्रदेश के पांचों संभागों से आए खिलाडिय़ों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने और उच्च स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
शुभारंभ समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत और नगर निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों के खिलाडिय़ों से सीखने और अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती हैं। जनप्रतिनिधियों ने खिलाडिय़ों से खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। स्वच्छता की शुरुआत अपने घर और आसपास के परिवेश से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गांवों और शहरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कलेक्टर अजीत वसंत ने प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे सभी संभागों के खिलाडिय़ों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बेहतर वातावरण, आवश्यक सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है। इस प्रकार की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाडिय़ों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में सहायक होती हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों से पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कलेक्टर ने आयोजन के दौरान खिलाडिय़ों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही।
कार्यक्रम में मेजर श्री अनिल सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रोमा श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



