
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 6 मार्च को उत्तराखंड दौरे पर हैं। यहां पीएम मोदी मुखवा में स्थित मुखीमठ में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद यहां उन्होंने स्थानीय कलाकारों के साथ समय बिताया और मखुवा में पारंपरिक लोक नृत्य का आनंद लिया। मखुवा, मां गंगा की शीतकालीन राजधानी के रूप में प्रसिद्ध है, में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी हर्षिल में एक सार्वजनिक समारोह में जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
मुखीमठ में मां गंगा की पूजा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के हर्षिल में एक ट्रेक और बाइक रैली को झंडी दिखाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित थे।
बता दें कि उत्तराखंड सरकार ने इस साल शीतकालीन पर्यटन कार्यक्रम शुरू किया है। हजारों श्रद्धालु पहले ही गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के शीतकालीन स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय अर्थव्यवस्था, होमस्टे सहित पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देना है।
पीएम मोदा का यह दौरा पहले 27 फरवरी को प्रस्तावित था। हालांकि, मौसम और अन्य वजहों से दौरा रद्द हो गया। पीएम मोदी के आज के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने मुखवा में गंगा मंदिर में पूजा-अर्चना समेत हर्षिल में प्रस्तावित जनसभा को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। मुखवा में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए गांव के प्रमुख रास्तों व चौक को फूलों से सजाया गया है।



