पीएम मोदी आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में हुए शामिल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद छात्रों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के आप सभी प्रतिभाशाली युवाओं के जीवन की नई यात्रा शुरू हो रही है। आप इस समय जीवन के एक यादगार पल को जी रहे हैं। उत्साह, उमंग, सपनों और भावनाओं से सराबोर इस पल का हिस्सा बनना, आईआईटी दिल्ली के इस कैंपस में आना, आपके साथ ये अनुभव शेयर करना मेरे लिए भी बहुत खास है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज कई विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए मेडल्स भी मिले हैं।
मैं इसके लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं, लेकिन इसमें 1-2 बेटियां भी होतीं तो ज्यादा अच्छा होता। आज आईआईटी दिल्ली में एआई से जुड़े कुछ नए पहल भी शुरू हुए हैं। मैं इसके लिए भी आप सबको बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। पीएम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वो दिन याद करिए जब आपका आईआईटी दिल्ली में पहला दिन था और एक आज का दिन है। आप सोच रहे होंगे कि अभी कल की ही तो बात है, जब ओरिएंटेशन हुआ था और अब ये दीक्षांत समारोह का समय भी आ गया। ओरिएंटेशन से दीक्षांत समारोह की इस यात्रा से आपको भरपूर संतुष्टि भी होगी। साथ ही आप सभी में जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत का उत्साह भी होगा।



