देश / विदेश

प्रिंसिपल के घर बैठकर सॉल्व कर रहे थे 10वीं का पेपर

शिक्षक समेत 14 गिरफ्तार...

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम ने एक परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य के घर में 10वीं कक्षा का प्रश्नपत्र हल करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 20 उत्तर पुस्तिकाएं बरामद कीं। इस मामले में गिरफ्तारियों की संख्या बढक़र 19 हो गई है।
यह मामला शुक्रवार को उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा की सुबह की पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा से जुड़ा है। एसटीएफ की टीम को जानकारी मिली कि एक प्रधानाचार्य के घर में परीक्षा का पेपर हल किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान वहां 14 लोग उत्तर पुस्तिकाओं पर लिखते हुए पकड़े गए, जिनमें पांच पुरुष और नौ महिलाएं शामिल थीं। इनमें से एक आरोपी ने खुद को विद्यालय का शिक्षक बताया।
इसके अलावा, जय सुभाष महाबली इंटर कॉलेज, दलेल नगर में भी छापा मारा गया, जहां परीक्षा केंद्र के बाहर दो महिलाएं प्रश्नपत्र हल करते हुए पकड़ी गईं।
इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) बालमुकुंद प्रसाद के निर्देश पर दोनों परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को बदला जा रहा है। इसके अलावा, परीक्षा केंद्र प्रभारी राम मिलन, परीक्षा प्रभारी मनीष सिंह और एक शिक्षक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीआईओएस बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि यह सॉल्वर गैंग परीक्षा में नकल कराने का संगठित काम कर रहा था। एसटीएफ ने इस मामले में 16 सॉल्वरों को पकड़ा, जिनमें से 14 एक जगह और दो अन्य परीक्षा केंद्र के बाहर पकड़े गए। सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और जब्त उत्तर पुस्तिकाओं और प्रश्नपत्रों को सील कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button