छत्तीसगढ़

आत्मनिर्भर बनकर समाज को नई पहचान दिला रही महिलाएं: संक्रांति

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भारतीय मजदूर संघ एनटीपीसी सीपत ने किया महिला कर्मचारियों को सम्मानित

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत ताप मजदूर संघ संबद्ध भारतीय मजदूर संघ एनटीपीसी सीपत के द्वारा बड़े धूमधाम से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संक्रांति पाटनवार, रश्मि क्षत्रिय एवं शुभाषिनी पांडेय उपस्थित रहे। वही विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेंद्र साहू एवं नरसिंह पटेल मौजूद रहे। महिला दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र कुमार पटेल ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संक्रांति पाटनवार ने नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। आज के समय में महिलाओं का हर क्षेत्र में अमूल्य योगदान है। महिलाएं सशक्त हो रही है और सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रही है। आज कोई भी क्षेत्र ऐसा नही है जहां महिलाओं ने अपना लोहा ना मनवाया हो। आज की नारी किसी से भी कम नही है। चाहे वह व्यापार हो, राजनीति हो या फिर देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ मामला ही क्यो ना हो हर जगह महिलाओं ने अपने विवेक व शक्ति का परिचय दिया है। अगर एक महिला सशक्त होगी तो पूरा परिवार व समाज भी सशक्त होता है। महिलाएं आज आत्मनिर्भर बनकर समाज को एक नई पहचान दिला रही है। उन्होंने सभी महिलाओं को संगठित रहने पर जोर दिया। श्रीमती रश्मि क्षत्रिय ने अपना वक्तव्य देते हुए कहा कि संगठन में ही एकता है और एकजुटता से ही समाज के विकास को बल मिल सकता है। सशक्त व सुदृढ राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की महती भूमिका है। उन्होंने अपने संबोधन में देश की महिला राष्ट्रपति व दिल्ली मे महिला सीएम का उदाहरण देते हुए एकजुटता में जोर देने की बात कही। श्रीमती रश्मि ने महिलाओं को खुद पर भरोसा रखने, आत्मनिर्भर बनने और चुनौतियों का डटकर सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सफलता प्राप्त करने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत रहने की जरूरत पर बल दिया। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने, उनके सशक्तीकरण और समाज में उनके योगदान को रेखांकित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस मौके पर एनटीपीसी में कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में सभी नारी शक्ति श्रीमती देव कुमारी, श्रीमती देवांश साहू , श्रीमती नीलिमा गुप्ता , श्रीमती सुषमा बंजारे , लक्ष्मी यादव, साधना सिंह, सरयू सेंगले, बृहस्पति, साधना सिंह , दीपमाला वर्मा, लक्ष्मीन, ज्योत्सना मिश्रा, राजकुमारी बंजारे जी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति महिला कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विनोद मंजारे , राजेंद्र गोस्वामी , शक्ति सिंह , सुशील यादव सहित कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button