छत्तीसगढ़

सीपत व मस्तूरी को नगर पंचायत बनाने विधायक लहरिया ने उठाया सदन में मुद्दा

कलेक्टर ने कहा- परीक्षण जारी, प्रस्ताव भी जल्द

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत व मस्तूरी को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने का मुद्दा मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के गति प्रदान करने सीपत व मस्तूरी को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाना जरूरी है।
विधायक लहरिया के सदन में मुद्दा उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने भी प्रस्ताव को भेजने की तैयारी कर ली है। दो साल पहले दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी करने के बाद फिलहाल उसका परीक्षण किया जा रहा है।
मस्तूरी व सीपत को नगर पंचायत बनाए जाने के संबंध में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने फिर से सदन में मुद्दा उठाया है। उन्होंने डिप्टी सीएम अरुण साव से मामले में पूछा कि ग्राम पंचायत मस्तूरी व सीपत को नगर पंचायत बनाए जाने नगरीय निकाय विभाग ने क्या कार्रवाई की है। दोनों को नगर पंचायत कब तक बनाया जाएगा।
इस सवाल का जवाब देते हुए डिप्टी सीएम साव ने जानकारी दी कि मस्तूरी व सीपत को नगर पंचायत बनाने शासन की अधिसूचना के अनुसार 25 सितंबर 2023 का प्रारंभिक प्रकाशन छत्तीसगढ़ राजपत्र में कराया गया है। इसी तरह सीपत को नपं बनाने प्रारंभिक प्रकाशन छत्तीसगढ़ राजपत्र में 29 सितंबर 2023 को कराया गया। इस मामले में 16 अक्टूबर 2023 तक दावा आपत्ति मंगाई थी। दावा आपत्ति व उनके निराकरण उपरांत कलेक्टर से प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। इस मामले में कलेक्टर अवनीश शरण ने कहा कि मस्तूरी व सीपत को नगर पंचायत बनाने प्रस्ताव का परीक्षण जारी है। शासन को जल्द प्रस्ताव भेजेंगे।

Related Articles

Back to top button