अमरनाथ यात्रा से पहले बड़ा आतंकी हमला, 26 लोगों की मौत…
अमित शाह ने घटना को लेकर एक हाई लेवल मीटिंग की

पहलगाम। जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ है. हमले में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया है. हमले में 26 लोगों की मौत हो गई है. कई लोगों हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वहीं हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री जम्मू कश्मीर पहुंच गए हैं. बताया जा रहा है कि वो कल पहलगाम का दौरा कर सकते हैं. इधर सऊदी अरब की यात्रा पर गये पीएम मोदी ने भी आतंकियों के हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि इतना कायरतापूर्ण हमला करने वाले आतंकियों को नहीं बख्शा जाएगा. अमित शाह ने घटना को लेकर एक हाई लेवल मीटिंग भी की है.
जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले की घोर निंदा की है. उन्होंने कहा कि इस करतूत में शामिल लोगों को नहीं बख्शा जाएगा. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा ‘आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा. उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा. आतंकवाद से लडऩे का हमारा संकल्प अडिग है तथा यह और भी मजबूत होगा.’ पीएम मोदी ने हमले में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना जाहिर की है. उन्होंने कहा- मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है.
जम्मू कश्मीर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
जम्मू कश्मीर में आतंकी हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए श्रीनगर पहुंच गए हैं. अमित शाह मंगलवार को पर्यटकों पर हुए हमले के कुछ घंटे बाद श्रीनगर पहुंचे और हवाई अड्डे से सीधे राजभवन पहुंचे. शाह सुरक्षा अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक करने वाले हैं. अधिकारियों ने बताया कि शाह बुधवार को पहलगाम का दौरा कर सकते हैं.
टीआरएफ ने ली हमले की जिम्मेदारी
पहलगाम हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली है. यह संगठन लश्कर-ए-तैयबा का ही एक रूप है. इस संगठन के लड़ाके छिपकर हमला करने में माहिर है. इंडिया टुडे ग्रुप की एक रिपोर्ट के मुताबिक पहलगाम में हुए आतंकी हमले के पीछे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद का हाथ है. यह आतंकी संगठन पाकिस्तान से ऑपरेट होता है.



