ऑपरेशन ‘तलाश’ में बड़ी सफलता : नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी को सीपत पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर मामले में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह सफलता ऑपरेशन ‘तलाश’ के तहत मिली, जिसमें पुलिस ने अमर सूर्यवंशी (28 वर्ष), निवासी ग्राम गतौरा, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के साथ-साथ आईपीसी की धाराएं 87 व 64 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
परिजनों की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
जैसे ही परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर ले गया है, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी (ग्रामीण) अर्चना झा और सीएसपी सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को पकडक़र उसके कब्जे से बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया।
जांच में हुआ खुलासा : नाबालिग के साथ किया गया दुष्कर्म
पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने बालिका को बहला फुसलाकर भगाया और उसके साथ शारीरिक शोषण किया। इसके बाद संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस पूरे अभियान में तत्कालीन थाना प्रभारी सउनि सहेत्तर कुर्रे, आरक्षक आकाश मिश्रा और महिला आरक्षक ज्योति जगत की सक्रिय भूमिका रही, जिन्होंने मिशन में पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम किया। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से पीडि़त परिवार ने राहत की सांस ली है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है।



