छत्तीसगढ़

अभिभावकों की भागीदारी से ही शिक्षा होगी सार्थक : चंद्रप्रकाश सूर्या

- शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

– नवप्रवेशी बच्चों का तिलक कर स्वागत

सीपत (हिमांशु गुप्ता) । शनिवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन हुआ।
नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और उपहार भेंट कर स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, झंडियों और सजावटी पट्टियों से सजाकर उत्सव का रूप दिया गया था।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रप्रकाश सूर्या उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद सदस्य मनोज खरे, शाला विकास समिति अध्यक्ष यूके कौशिक, पूर्व मंडल अध्यक्ष बांके बिहारी गुप्ता, महामंत्री हरिकेश गुप्ता, प्रेस क्लब संरक्षक हरीश गुप्ता, भाजपा नेता अभिलेश यादव, प्राचार्य ए.बी. कुजूर, मंजू मिश्रा, अरुण जायसवाल, गीता प्रजापति, त्रिपाठी जी समेत अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर बच्चों को नि:शुल्क स्कूल बैग, पाठ्यपुस्तकें एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। आयोजन में सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों का भविष्य संवारती है। यह हमारा दायित्व है कि हम बच्चों को स्कूल भेजें और उन्हें एक उज्ज्वल कल के लिए तैयार करें। यदि कोई बच्चा नियमित स्कूल आकर मन लगाकर पढ़ाई करता है, तो उसके भविष्य को कोई नहीं रोक सकता। मैंने संकल्प लिया है कि जो छात्र-छात्राएं 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाएंगे, उन्हें पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। शिक्षा में कभी समझौता नहीं होना चाहिए। अभिभावक अगर साथ दें, तो हम हर बच्चे को शिक्षित कर सकते हैं।
भाजपा नेता अभिलेश यादव ने कहा कि देश की प्रगति शिक्षा से ही संभव है। इस तरह के आयोजन न केवल बच्चों को प्रेरित करते हैं, बल्कि अभिभावकों को भी जागरूक करते हैं कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई को सर्वोपरि मानें। शिक्षा के क्षेत्र में हम सभी को मिलकर काम करना होगा। मैं विद्यालय परिवार को बधाई देता हूं कि वे बच्चों के भविष्य को संवारने में समर्पित भाव से जुटे हैं। कार्यक्रम में जनपद सदस्य मनोज खरे ने कहा कि हर वर्ष शाला प्रवेश उत्सव बच्चों को शिक्षा से जोडऩे और उनके अंदर आत्मविश्वास जगाने का सशक्त माध्यम है। वहीं शाला समिति अध्यक्ष यूके कौशिक ने बताया कि विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संसाधन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की पूरी कोशिश की जा रही है। विद्यालय प्राचार्य एबी कुजूर ने अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए विश्वास दिलाया कि बच्चों की पढ़ाई और प्रगति में कोई भी कमी नहीं आने दी जाएगी । समापन पर विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

Related Articles

Back to top button