एनटीपीसी में स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को प्राथमिकता देने की मांग तेज
मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा जाएगा ज्ञापन, ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग

ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन सीपत अनिश्चितकालीन हड़ताल पर अडिग
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। क्षेत्रीय ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन सीपत की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को स्थानीय विश्रामगृह में सम्पन्न हुई. जिसमें एनटीपीसी सीपत सहित अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को प्राथमिकता देने और चार सूत्रीय मांगों को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम बिलासपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। मांगों में प्रमुख रूप से लोकल ट्रांसपोर्टरों को लोडिंग में प्राथमिकता, समय पर भुगतान, उचित भाड़ा, और ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध व कठोर कार्रवाई की बात शामिल है। एसोसिएशन के अध्यक्ष शत्रुहन लास्कर ने बताया कि एनटीपीसी प्रबंधन और ठेकेदारों से अब तक ट्रांसपोर्टरों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिला है, जिससे पूरे क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर वर्ग में भारी आक्रोश है। इसी के मद्देनजर बैठक आयोजित की गई और सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
हड़ताल के दौरान एनटीपीसी सीपत के मटेरियल गेट के पास, रांक व गतौरा मार्ग में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोका जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन व एनटीपीसी प्रबंधन की होगी। बैठक में अध्यक्ष शत्रुहन लास्कर के साथ कार्यकारी अध्यक्ष रेवाशंकर साहू, महासचिव कृष्णा यादव, कोषाध्यक्ष रामवतार साहू सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।



