महिला जागरूकता अभियान को मिली बड़ी सफलता; सीपत पुलिस की दबिश में 155 लीटर कच्ची शराब जब्त, एक गिरफ़्तार
‘नशा मुक्त गांव’ संकल्प में ग्रामीण महिलाओं की सक्रियता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने दिखाई असर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम गुड़ी में चल रहे महिला नशा मुक्ति अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली जब सीपत पुलिस ने गांव में दबिश देकर 155 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जिसमें लोनियापारा गुड़ी निवासी संजय कुमार लोनिया पिता स्व. रामरतन लोनिया उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार कर आरोपी से 155 लीटर कच्ची महुआ शराब , कुल अनुमानित कीमत लगभग 31,000 रुपए व साथ में शराब निर्माण की सामग्री भी बरामद की गई है। थाना सीपत क्षेत्र में नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत निरंतर कार्रवाई की जा रही है। ग्राम गुड़ी की पंचायत और ग्रामीण महिलाएं प्रतिदिन रैली निकालकर गांव को नशा मुक्त बनाने की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। महिलाओं की इस मुहिम को सीपत पुलिस का पूर्ण सहयोग प्राप्त है। 04 जुलाई 2025 की रात को थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर ग्राम गुड़ी में दबिश दी, जहां आरोपी संजय लोनिया से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी का वर्जन
– ग्राम गुड़ी में महिलाएं जिस जागरूकता से आगे आ रही हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। पुलिस भी हर स्तर पर सहयोग देने तैयार है। अवैध शराब जैसे सामाजिक अपराधों पर हमारी सख्त नजर है, और ऐसे मामलों में कोई ढील नहीं दी जाएगी। भविष्य में भी इस तरह की त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
सफल टीम का योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक जयपाल बंजारे, आरक्षक लक्ष्मण चंद्र, प्रकाश जगत एवं दिनेश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।



