लुतरा शरीफ में कल दिखेगा श्रद्धा, सम्मान और विकास का संगम: हज से लौटे हाजियों का होगा अभिनंदन, दरगाह विकास की नींव रखेंगे वक्फ अध्यक्ष
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज सहित कई गणमान्य अतिथि होंगे शामिल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और पवित्र दरगाह शहंशाहे छत्तीसगढ़ हजऱत बाबा सैयद इंसान अली शाह रहमतुल्लाह अलैह की नगरी लुतरा शरीफ में रविवार, 13 जुलाई को एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। राज्यभर से हज यात्रा पूरी कर लौटे हाजी हज्जनों के सम्मान में दरगाह परिसर में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक एक गरिमामय समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस मौके पर दरगाह की जर्जर हो चुकी बाउंड्री वॉल को तोडक़र उसके स्थान पर करीब 50 लाख रुपए की लागत से एक नई और भव्य बाउंड्री वॉल के निर्माण की संगे बुनियाद (भूमिपूजन) भी किया जाएगा, जो दरगाह की सुंदरता और सुरक्षा दोनों को नया आयाम देगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त), जबकि अध्यक्षता करेंगे वरिष्ठ अधिवक्ता व वक्फ बोर्ड सदस्य सैय्यद फैसल रिजवी।
विशिष्ट अतिथियों में राज्य हज कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद इमरान खान, सदस्य सैय्यद मकबूल अली, रहमान खान, दरगाह कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अखलाक खान, हाजी सैय्यद अकबर बक्शी, जनपद सदस्य देवेश शर्मा, सरपंच चंद्रमणि मरावी समेत अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इस विशेष अवसर पर रायपुर की धार्मिक संस्था शहर सीरतुन्नबी कमेटी के नवनिर्वाचित सदर सोहेल सेठी एवं बिलासपुर कमेटी के नवनियुक्त सदर यूसुफ हुसैन उर्फ बंटी का भी सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा. समारोह के उपरांत शाम 4:30 बजे वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज एनटीपीसी सीपत के जाह्नवी गेस्ट हाउस में एक विशेष कार्यक्रम में भाजपा के मंडल, जिला व प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से सौजन्य भेंट भी करेंगे।



