नशे के खिलाफ परसाही की महिलाओं का बिगुल- ‘अब नहीं सहेंगे नशे की मार’
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी बोले- महिलाओं की ताकत से बनेगा नशा मुक्त समाज

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। सीपत थाना क्षेत्र के परसाही गांव में शनिवार को एक नई सामाजिक लहर ने जन्म लिया। गांव की महिलाओं ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर हुंकार भरी और अपने घर-परिवार को नशे के चंगुल से बाहर निकालने का संकल्प लिया। यह आंदोलन तब और सशक्त हो गया जब थाना प्रभारी गोपाल सतपथी स्वयं क्षेत्र के भ्रमण के दौरान परसाही पहुंचे। यहां उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी यह एकता समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकती है। पुलिस तभी प्रभावी हो सकती है जब जनता विशेषकर महिलाएं साथ खड़ी हों। नशे के विरुद्ध लड़ाई में आपका सहयोग सबसे बड़ा हथियार है। बैठक की अगुवाई महिला समूह अध्यक्ष कविता गोस्वामी ने की, जिन्होंने अपने घर में मोहल्ले की महिलाओं को एकत्र कर यह ऐलान किया कि अब गांव में नशे के लिए कोई जगह नहीं बचेगी।
इस अवसर पर उपस्थित समाजसेवी ओम गोस्वामी ने कहा- नशा सिर्फ व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार और समाज को खोखला करता है। परसाही की बहनों ने जो कदम उठाया है, वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बनेगा। समाज तभी बचेगा जब महिलाएं जागेंगी। सभा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं, जिनमें प्रमुख रूप से अहिल्या यादव, मनीषा पाटनवार, कुशी पाटनवार, उर्मिला पाटले, दुर्गा पाटले, रानी गोस्वामी सहित अन्य ग्रामवासी महिलाएं उपस्थित रहीं। थाना प्रभारी के साथ एएसआई सहेत्तर कुर्रे, संजय विश्वास, बजरंग धनुवार (सरपंच प्रतिनिधि परसाही) भी इस प्रेरणादायी पहल में सम्मिलित रहे और महिलाओं को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।



