छत्तीसगढ़

नीचला पुल बना मौत का रास्ता, तेजस की दर्दनाक मौत के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कलेक्टर से उठाई ऊँचे पुल की मांग

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम झलमला स्थित तुंगन नाला पर बने पुराने और नीचले पुल ने एक मासूम की जान ले ली और अब यह जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता में आ गया है। भारतीय जनता पार्टी सीपत मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपते हुए यहां ऊँचा व चौड़ा पुल निर्माण की तत्काल आवश्यकता जताई है। दीपक शर्मा ने बताया कि वर्ष 1994-95 में बना यह पुल अब जानलेवा बन चुका है। बरसात में इसकी ऊँचाई इतनी कम पड़ जाती है कि 6 से 7 फीट तक पानी बहता है, जिससे आवागमन ठप हो जाता है और दुर्घटनाओं का खतरा मंडराने लगता है।

तीन साल का मासूम तेजस बन गया शिकार

24 जुलाई को खम्हरिया निवासी मोहनलाल की कार झलमला नाले के तेज बहाव में बह गई, जिसमें तीन वर्षीय तेजस साहू की मौत हो गई। दीपक शर्मा ने इस हृदयविदारक हादसे को ज्ञापन में विशेष रूप से उल्लेख करते हुए इसे नीचले पुल की लापरवाही का प्रत्यक्ष परिणाम बताया।

सीपत की जीवनरेखा है यह पुल

यह पुल सीपत को बेलतरा व अन्य गांवों से जोड़ता है और स्कूली ब‘चों, मरीजों, ग्रामीणों के लिए यही एकमात्र मार्ग है। बारिश में यह रास्ता मौत का फंदा बन जाता है। दीपक शर्मा ने मांग की है कि प्राकलन तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि जल्द से जल्द निर्माण प्रारंभ हो और भविष्य की दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।

– यह पुल केवल एक रास्ता नहीं, बल्कि हजारों लोगों की जीवनरेखा है। अगर समय रहते ऊँचा पुल नहीं बना, तो हादसे और बढ़ सकते हैं।

दीपक शर्मा, मंडल अध्यक्ष, भाजपा सीपत

Related Articles

Back to top button