अवैध शराब पर सीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 40 पाव देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई, टीम को मिला सराहनीय सफलता

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए सीपत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी के नेतृत्व में ग्राम नरगोडा नहर रोड के पास घेराबंदी कर 40 पाव देशी प्लेन शराब के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी महेश कुमार सूर्यवंशी, उम्र 28 वर्ष, निवासी नरगोडा, थाना सीपत का पूर्व में भी आबकारी एक्ट एवं अन्य आपराधिक मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
यह कार्रवाई 28 जुलाई की रात्रि में की गई जब थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नरगोडा नहर रोड के पास पुल के समीप एक व्यक्ति भूरा रंग का थैला लेकर शराब की बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही टीआई गोपाल सतपथी ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल एक टीम गठित की, जिसमें प्रधान आरक्षक जयपाल सिंह बंजारे, आरक्षक रामचंद्र उईके, अजय भारद्वाज एवं चंद्रप्रकाश घृतलहरे शामिल रहे। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा। उसके पास से 40 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3600 रुपये आंकी गई। पूरे अभियान में थाना सीपत की पुलिस टीम की तत्परता, सतर्कता और टीमवर्क के चलते नशे के अवैध कारोबार पर फिर एक बार करारा प्रहार किया गया है।
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के कुशल नेतृत्व में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर जनता में विश्वास मजबूत हो रहा है और नशे के कारोबारियों में खौफ का माहौल है। सीपत पुलिस की यह कार्यवाही क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक और ठोस कदम साबित हुई है।



