छत्तीसगढ़

सीपत का स्वाभिमान- नवाडीह चौक अब अमर शहीद विनोद सिंह कौशिक के नाम

- दिलेन्द्र कौशिल के संयोजन में 3 हजार से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, सीएम विष्णुदेव साय ने किया ऐलान

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। गुरुघासीदास विश्वविद्यालय में सोमवार को आयोजित शहीद विनोद सिंह कौशिक मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह सीपत के लिए गर्व और गौरव का क्षण बन गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की कि सीपत का नवाडीह चौक अब शहीद विनोद सिंह कौशिक के नाम से जाना जाएगा। इस ऐलान से सीपतवासियों में उत्साह की लहर दौड़ गई और उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गडग़ड़ाहट से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा—युवा पीढ़ी ही राष्ट्र का भविष्य है। मेहनत, लगन और संकल्प से देश नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2018 में नारायणपुर में माओवादियों से लड़ते हुए शहीद विनोद सिंह कौशिक ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी स्मृति में हर वर्ष आयोजित यह सम्मान समारोह पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है. नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार मार्च 2026 तक नक्सलवाद का अंत करने के लिए प्रतिबद्ध है। नक्सल ऑपरेशनों में लगातार सफलता मिल रही है और करोड़ों के इनामी नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं।

डिप्टी सीएम ने आयोजक दिलेंद्र कौशिल की भूमिका सराही

कार्यक्रम के संयोजक दिलेन्द्र कौशिल की मेहनत और आयोजन क्षमता की सभी ने सराहना की। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने विद्यार्थियों से कहा कि ‘डिप्रेशन’ और ‘निराशा’ जैसे शब्द अपनी डिक्शनरी से हटा दें और हमेशा सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ें।

शहीद विनोद का नाम अब नवाडीह चौक पर अमर

2018 में नारायणपुर में माओवादियों से लड़ते हुए सीपत के सपूत शहीद विनोद सिंह कौशिक ने अपने प्राण देश के लिए न्यौछावर कर दिए। उनके अदम्य साहस और बलिदान को सलाम करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐलान किया कि सीपत का नवाडीह चौक अब शहीद विनोद सिंह कौशिक के नाम से जाना जाएगा। यह घोषणा होते ही समारोह स्थल तालियों की गडग़ड़ाहट और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। सीपतवासियों के लिए यह क्षण गर्व और भावनाओं से भरा रहा। कार्यक्रम के संयोजक दिलेन्द्र कौशिल ने कहा कि यह सिर्फ चौक का नाम बदलना नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए शौर्य और देशभक्ति की प्रेरणा है।

3 हजार से अधिक मेधावी छात्रों को मिला सम्मान

समारोह में विभिन्न संकायों के 3 हजार से अधिक मेधावी छात्र- छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा—हम आज सिर्फ अच्छे अंक लाने वालों का नहीं, बल्कि भविष्य के राष्ट्रनिर्माताओं का सम्मान कर रहे हैं। इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, धरम लाल कौशिक, धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, महापौर पूजा विधानी, राजा पांडेय, भूपेंद्र सवन्नी, दीपक शर्मा, सतीश पाटनवार, कुंदनधर दीवान, चंद्रकांत साहू समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button