ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र धीवर ने उठाई बड़ी आवाज
रलिया में प्रस्तावित कोलवाशरी प्रोजेक्ट पर रोक लगाने कलेक्टर से की मांग

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीपत के अध्यक्ष राजेंद्र धीवर ने रलिया-भिलाई में प्रस्तावित अरपा कोल बेनीफिकेशन ग्रीनफील्ड लि. की 2.6 एमटीपीए क्षमता वाली कोलवाशरी परियोजना को क्षेत्र के लिए खतरनाक बताते हुए गुरुवार को रलिया भिलाई क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर बिलासपुर कलेक्टर को पत्र सौंपकर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
राजेंद्र धीवर ने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि यह परियोजना ग्रामीणों के स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा, पर्यावरण, कृषि, धार्मिक आस्था और जीवनशैली पर गंभीर संकट बनकर खड़ी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक उद्योग नहीं बल्कि हजारों ग्रामीणों की जीवनरेखा और भविष्य को खत्म करने वाला कदम है। इस दौरान श्री धीवर के साथ उमेन्द्र कुर्रे , राजेश्वर साहू , मेघनाथ खांडेकर सहित कई ग्रामो के सरपंच भी शामिल रहे।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धीवर ने पत्र में उठाए गंभीर बिंदु
1. स्कूलों पर खतरा: भिलाई, रलिया और बेलटुकरी के स्कूल कोलवाशरी से मात्र 500 मीटर की दूरी पर हैं। धूल और प्रदूषण से बच्चों का स्वास्थ्य बिगड़ेगा।
2. जल संकट गहराएगा : सतही जल संसाधन 3 किमी तक उपलब्ध नहीं, जल संकट और विकराल होगा।
3. स्वास्थ्य पर मार: फेफड़े, आंख और त्वचा संबंधी रोगों का खतरा कई गुना बढ़ेगा।
4. खेती चौपट: राख और धूल से कृषि भूमि पर खेती करना मुश्किल हो जाएगा।
5. पर्यावरण का दीर्घकालिक नुकसान: प्रकृति और पर्यावरण पर गहरा असर पड़ेगा।
6. एनटीपीसी राखड़ डेम पर असर: परियोजना स्थल से महज 1 किमी दूरी पर होने से राखड़ डेम और वाहनों का दबाव और बढ़ेगा।
7. पहले से कोलवाशरी का बोझ: 2 किमी दायरे में पहले से 4 कोलवाशरी और रेल्वे साइडिंग मौजूद हैं, ग्रामीण पहले से प्रदूषण झेल रहे हैं।
8. जनसंख्या पर असर: लगभग 70 से 80 हजार ग्रामीण सीधे प्रभावित होंगे।
9. धार्मिक आस्था को चोट: राउतराय मंदिर कोलवाशरी स्थल से महज 10 मीटर पर है, जिसका अस्तित्व खतरे में आ जाएगा।
10. गेल इंडिया पाइपलाइन पर बड़ा खतरा: 500 मीटर क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछी है, दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहेगी।
11. नहर-नाले प्रभावित: सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह बाधित होगी, किसानों को निस्तारी की समस्या होगी।
12. कृषि भूमि का अवैध उपयोग: भूमि का उपयोग परिवर्तन किए बिना औद्योगिक प्रयोजन हेतु अधिग्रहण किया गया है।
ग्रामीणों की जिंदगी दांव पर, प्रोजेक्ट तत्काल रद्द हो : राजेंद्र धीवर
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीपत के अध्यक्ष राजेंद्र धीवर ने कहा कि कोलवाशरी से सिर्फ प्रदूषण और बीमारी मिलेगी, रोजगार नहीं। यह परियोजना क्षेत्र के हजारों लोगों की सांसों पर बोझ बनकर आ रही है। यदि इसे रोका नहीं गया तो ग्रामीणों के साथ कांग्रेस पार्टी सडक़ पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।




