भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

नई दिल्ली । भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की और संगठन की चार वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने दो विशेष पुस्तकें (महिला मोर्चा की यात्रा और वीरांगना) प्रधानमंत्री को भेंट की।
वनथी श्रीनिवासन ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को महिला मोर्चा के बीते चार वर्षों में किए गए कार्यों, राज्य दौरों, संगठनात्मक अनुभवों और महिलाओं से जुड़ी पहलों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यह भी साझा किया कि कैसे नवाचारी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से महिला मोर्चा ने देशभर की महिलाओं को पार्टी और सरकार की योजनाओं से जोड़ा है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
वनथी ने कहा, एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में तमिलनाडु से अपनी यात्रा शुरू करके आज प्रधानमंत्री के समक्ष महिला मोर्चा की पूरी यात्रा प्रस्तुत करना मेरे लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री ने पूरे मनोयोग से हमारी बात सुनी और अमूल्य मार्गदर्शन भी दिया।



