देश / विदेश

टूटा 10 साल का रिकॉर्ड, जनवरी में ही निकले पसीने

दिल्ली। राजधानी में जनवरी में ही सूरज ने मार्च माह जैसी गर्मी का अहसास करा दिया है। बृहस्पतिवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। 23 जनवरी को न्यूनतम तापमान बीते 10 वर्ष में सबसे अधिक रहा। यह 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि 2015 में इसी दिन 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड दर्ज किया गया था। बुधवार रात को हल्की बारिश होने के बाद भी तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं आई है। मौसम विभाग की मानक वेधशाला सफदरजंग में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। बीते तीन साल बाद सबसे अधिक पांच दिन बारिश वाला महीना रहा। जबकि 2022 में इस माह सात दिन बारिश दर्ज की गई थी।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा और कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। ऐसे में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
उधर, बृहस्पतिवार को लोगों ने धूप का आनंद लिया। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री के करीब रिकॉर्ड हुआ। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहा, जोकि 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, सुबह आठ बजे तक पालम एयरपोर्ट में दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई।

Related Articles

Back to top button