
नई दिल्ली । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रजत पाटीदार को आईपीएल 2025 के लिए टीम का नया कप्तान बनाया है। आईपीएल का यह सीजन 21 मार्च से शुरू होगा। आरसीबी ने यह घोषणा गुरुवार को बेंगलुरू में एक इवेंट में की, जहां टीम के निदेशक के अलावा मुख्य कोच एंडी फ्लावर और रजत पाटीदार मौजूद थे।
आरसीबी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी शेयर करते हुए पोस्ट किया, कई महान खिलाडिय़ों ने आरसीबी को शानदार कप्तानी विरासत दी है। अब समय आ गया है कि यह फोकस्ड, निडर और कड़ा प्रतियोगी हमें जीत की ओर ले जाए! दबाव में भी शांत रहना और चुनौतियों का सामना करने की उनकी क्षमता, जैसा कि उन्होंने हमें पहले दिखाया है, आरसीबी के लिए गेम-चेंजर साबित होगी।
पाटीदार 2021 से आरसीबी के साथ जुड़े हुए हैं और तीन सीजन में 28 मैच खेलकर 799 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 158.85 का रहा है। 31 साल के पाटीदार उन तीन खिलाडिय़ों में से एक थे, जिन्हें आरसीबी ने नवंबर में होने वाली बड़ी नीलामी से पहले अपने साथ बनाए रखा था। यह उनका आईपीएल में पहली बार कप्तान बनने का मौका होगा। हालांकि, उन्होंने 2024-25 सीजन में मध्य प्रदेश की टी-20 (सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी) और एकदिवसीय (विजय हजारे ट्रॉफी) टीम की कप्तानी की थी।



