महाकुंभ: करोड़ों आस्थाओं का महा समागम
महाकुंभ से जुड़ी जानकारियां हमारे ग्रंथो में प्राप्त होती हैं

महाकुंभ एक मेला मात्र नहीं है, बल्कि यह आस्था, परंपरा और हिंदू संस्कृति का महासंगम है। महाकुंभ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्थाओं का महा समागम है। श्रद्धालुओं के लिए यह एक अतिशय पवित्र अनुभव होता है जिसकी प्रतीक्षा सभी श्रद्धालु वर्षों तक भक्ति भाव के साथ करते हैं। इस बार 144 वर्षों के पश्चात पूर्ण महाकुंभ का आयोजन हो रहा है । महाकुंभ से जुड़ी जानकारियां हमारे ग्रंथो में प्राप्त होती हैं? ,उनमें से कुछ को इस विवरण के माध्यम से समझने का प्रयास करते हैं
भारतवर्ष में पवित्र कुंभ मेले के आयोजन की सुदीर्घ परंपरा रही है। भारतवर्ष में आयोजित होने वाला यह मेल बहुत अनूठा है जिसमें पूरे विश्व से श्रद्धालु पहुंचकर पवित्र संगम में स्नान करते हैं ।इसका अपना ही धार्मिक महत्व है। यह हमारी संस्कृति का भी एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है। यह मेला लगभग 48 दिनों तक चलता है, जिसमें विश्व भर से साधु, संत ,तपस्वी, तीर्थयात्री, भक्तगण पहुंचकर अपने तन मन को पवित्र कर लेते हैं।
हमारी पौराणिक कथाओं के अनुसार कुंभ मेला 12 वर्षों के दौरान चार स्थलों पर आयोजित होता है । यह स्थल है उत्तराखंड में गंगा नदी के किनारे हरिद्वार में, मध्य प्रदेश में शिप्रा नदी पर स्थित उज्जैन में,महाराष्ट्र में गोदावरी नदी पर नासिक में और उत्तर प्रदेश में गंगा जमुना सरस्वती तीन नदियों के पावन संगम पर प्रयागराज में।
कुंभ शब्द का अर्थ और मेले का इतिहास
कुंभ मेला दो शब्दों कुंभ और मेल से मिलकर बना है कुंभ का नाम अमृत के अमर पात्र या कलश (घड़े) से लिया गया है ,जिसका विवरण हमारे प्राचीन वैदिक शास्त्रों में मिलता है। मेला शब्द संस्कृत भाषा का शब्द है जिसका सामान्य अर्थ है ‘मिलना’ या ‘सभा’। कुछ पौराणिक कथाओं के अनुसार कुंभ मेले का शुभारंभ समुद्र मंथन से ही हो गया था ।कुछ कथाओं की मान्यता है कि शंकराचार्य जी ने इसे आरंभ किया। समुद्र मंथन से जुड़ी एक प्रसिद्ध कथा के अनुसार ऐसा कहा जाता है कि महर्षि दुर्वासा के श्राप के कारण जब इंद्र और देवता दुर्बल पड़ गए तब दैत्यों ने देवताओं पर आक्रमण करके उन्हें परास्त
करने का उपक्रम किया था। ऐसे में सब देवता मिलकर विष्णु भगवान के पास पहुंचे और सहायता करने के लिए प्रार्थना की । तब भगवान ने दैत्यों के साथ मिलकर समुद्र यानी क्षीरसागर में मंथन करके अमृत निकलने के लिए कहा । यह क्षीर (दूध) का सागर ब्रह्मांड के आकाशीय क्षेत्र में स्थित माना जाता है ।सारे देवता भगवान विष्णु जी के कहने पर दैत्यों के साथ अमृत निकलने के प्रयास में लग गए ।जैसे ही समुद्र मंथन से अमृत कलश निकला, देवताओं के संकेत पर इंद्र का पुत्र जयंत अमृत कलश लेकर उड़ गया ।इस पर गुरु शुक्राचार्य के कहने पर दैत्यों ने जयंत को पकड़ लिया तब उस अमृत कलश पर अधिकार जमाने के लिए देवताओं और दैत्यों में 12 दिन तक भयानक युद्ध चला। ऐसी मान्यता है कि इस युद्ध के दौरान पृथ्वी के चार स्थानों पर अमृत कलश की बूंदे गिरी थी, जिनमें से पहली त्रिवेणी संगम प्रयागराज में दूसरी गंगा तट पर हरिद्वार में तीसरी शिप्रा तट उज्जैन में और चौथी गोदावरी तट नासिक में गिरी थी। इसलिए इन चार स्थानों पर कुंभ मेला का आयोजन किया जाता है ।यह भी जानना आवश्यक है कि देवताओं के 12 दिन पृथ्वी पर होने वाले12 वर्ष के बराबर होते हैं, इसलिए प्रत्येक 12 वर्ष में महाकुंभ का आयोजन किया जाता है।
यह भी माना जाता है कि कुंभ योग के समय इन पांच नदियों का पानी अधिक सकारात्मक ऊर्जा से भरा होता है और कुंभ के समय जल सूर्य चंद्रमा और बृहस्पति की सकारात्मक विद्युत चुंबकीय विकिरणों से भरा रहता है।
कुंभ मेले का एक महत्वपूर्ण लिखित प्रमाण चीनी यात्री ह्वेनसांग के कार्यों में वर्णित है, जो हर्षवर्धन के शासनकाल के दौरान 629 – 645 ईस्वी में भारत आया था। सबसे पहला लिखित प्रमाण भागवत पुराण में प्राप्त होता है ।इसके अतिरिक्त शिव पुराण, मत्स्य पुराण ,पद्म पुराण, भविष्य पुराण के साथ ही अन्य कई ग्रंथों में समुद्र मंथन का विवरण मिलता है।
ब्रह्म पुराण के अनुसार कुंभ मेले में स्नान करने से अश्वमेध यज्ञ जैसा फल प्राप्त होता है और मनुष्य सर्वथा पवित्र हो जाता है। भविष्य पुराण के अनुसार कुंभ मेले में स्नान के पुण्य स्वरूप स्वर्ग की प्राप्ति होती है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है । अग्नि पुराण में कहा गया है कि कुंभ मेले में पवित्र स्नान करने से वही फल प्राप्त होता है जो करोड़ गायों का दान करने से मिलता है।
स्कंद पुराण के अनुसार भक्ति भाव पूर्वक कुंभ मेले में स्नान करने से व्यक्ति की मनोकामना पूर्ण होती है । कूर्म पुराण की मान्यता है कि कुंभ मेले में स्नान करने से सभी पापों का नाश होता है और मनुष्य मनवांछित उत्तम फल को प्राप्त करता है।
कुंभ समागम 2025 का आयोजन 13 जनवरी 2025 से 8 मार्च 2025 तक संगम नगरी प्रयागराज में है, जिसमें विश्व भर से लगभग 44 करोड़ से 45 करोड़ श्रद्धालुओं द्वारा आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित करने की तैयारी है और दिव्य कुंभ समागम के लिए उत्तर प्रदेश प्रशासन द्वारा व्यापक निशुल्क व्यवस्थाएं की गई है । समाचार माध्यमों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंभ समागम 2025 में अभी तक लगभग 50 करोड़ श्रद्धालुओं ने पावन संगम में आस्था की डुबकी लगाई है।
कुंभ ,अर्ध कुंभ ,पूर्ण कुंभ एवं महाकुंभ
सनातन धर्म में प्राचीन काल से ही कुंभ पर्व मनाने की परंपरा चली आ रही है। हरिद्वार ,प्रयाग ,उज्जैन, नासिक इन चारों स्थानों में बारह-बारह वर्षों के अंतराल पर मेला आयोजित होता है ।जबकि हरिद्वार तथा प्रयाग में अर्ध कुंभ पर्व मनाया जाता है ।किंतु उज्जैन और नासिक में नहीं होता।
खगोल शास्त्रीय मान्यताएं-
उपरोक्त चारों पवित्र नगरियों के कुंभ पर्व का क्रम इस प्रकार निश्चित है –मेष या वृष राशि के बृहस्पति में जब सूर्य चंद्रमा दोनों मकर राशि पर आते हैं तब प्रयाग में कुंभ पर्व होता है । इसके पश्चात वर्षों का अंतराल जो भी हो ,जब बृहस्पति सिंह राशि में होते हैं और सूर्य मेष राशि पर रहते हैं तो उज्जैन में कुंभ मेला का आयोजन होता है ।इस बार्हस्पत्य वर्ष में जब सूर्य सिंह राशि पर रहते हैं तो नासिक में कुंभ मेला लगता है तत्पश्चात लगभग छह बार्हस्पत्य वर्षों के अंतराल पर जब बृहस्पति कुंभ राशि पर रहते हैं और सूर्य मेष पर तब हरिद्वार में कुंभ मेले का आयोजन होता है ।उनके मध्य में 6 वर्ष के अंतर से केवल हरिद्वार और प्रयाग में कुंभ मेले का आयोजन होता है। कुंभ पर्व का धार्मिक आर्थिक ,सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व अपार है।



