देश / विदेश

महाशिवरात्रि पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी बधाई

हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

नई दिल्ली। देशभर में आज महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है। इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत कई नेताओं ने देशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई दी। राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘मैं सभी देशवासियों को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक बधाई देती हूं। मेरी प्रार्थना है कि हम सब पर देवाधिदेव महादेव की कृपा बनी रहे तथा हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।’
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी देशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आत्म-चिंतन और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रतीक यह पावन पर्व हमें ज्ञान, धैर्य और करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मेरी कामना है कि सम्पूर्ण सृष्टि पर भगवान शिव की कृपा बनी रहे और उनके आशीष से हमारा राष्ट्र प्रगति और समृद्धि के पथ पर अग्रसर हो। हर हर महादेव।’
पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘सभी देशवासियों को भगवान भोलेनाथ को समर्पित पावन पर्व महाशिवरात्रि की असीम शुभकामनाएं। यह दिव्य अवसर आप सभी के लिए सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, साथ ही विकसित भारत के संकल्प को सुदृढ़ करे, यही कामना है। हर-हर महादेव!’

Related Articles

Back to top button