मध्य प्रदेश

धारदार हथियार से महिला की हत्या

एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम जांच में जुटी

जबलपुर। जबलपुर के सिहोरा के ग्राम पौड़ा में अकेली रहने वाली एक महिला की शुक्रवार रात उसके घर के अंदर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसडीओपी पारूल शर्मा के अनुसार, ग्राम पौड़ा निवासी पुट्टन बाई कोल (50 वर्ष) अकेले रहती थीं। उनके पति प्यारेलाल कोल का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि उनका बेटा ईंट भट्टे में काम करता है। पुट्टन बाई मजदूरी करके अपना गुजारा कर रही थीं और गांव की एक अन्य महिला के साथ रोजाना काम पर जाती थीं।
शनिवार सुबह जब उनकी साथी महिला उन्हें बुलाने घर पहुंची तो उसने दरवाजा खुला पाया। अंदर जाकर देखा तो पुट्टन बाई की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। उसने तुरंत इस घटना की सूचना मृतका के बेटे महेन्द्र को दी। महेन्द्र ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड स्टेडियम तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद कोई सुराग नहीं मिल सका। प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात करीब 10 बजे पुट्टन बाई को घर के बाहर देखा गया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मृतका के करीबी व परिचितों से पूछताछ कर रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button