मध्य प्रदेश

एमपी विधानसभा में पारित हुआ यूसीसी बिल

भोपाल। मंगलवार को भारी हंगामे के बीच मध्यप्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) बिल पास हो गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कांग्रेस विधेयक का विरोध करती रही और सदन में हंगामे की स्थिति बनी रही। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जो सदस्य विधेयक पर अपना अभिमत देना चाहते हैं, वे सदन के पटल पर सीधे अपना वक्तव्य रख सकते हैं। इसके बाद भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नारेबाजी और विरोध जारी रहा।
सदन में बिल पर चर्चा के दौरान सीएम मोहन यादव ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिल पर सुझाव देने वाले लोगों को शुभकामनाएं भी दी। सीएम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा तुष्टीकरण और मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करती रही तथा देश की जनता की पीठ में खंजर मारने का काम किया। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू होने के बाद मध्य प्रदेश में भेदभाव से मुक्ति मिलेगी। उत्तराखंड, गुजरात और असम के बाद अब मध्य प्रदेश भी समान नागरिक संहिता लागू करने जा रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस के ‘दांत खाने के और, दिखाने के और हैं।’ अब उसका पाखंड नहीं चलेगा और दोहरा चरित्र भी नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान का सम्मान करती है, तो उसे इस बिल का समर्थन करना चाहिए। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कांग्रेस विधायक लगातार ‘चंदा चोरों, गद्दी छोड़ो’ के नारे लगाते रहे, जिससे सदन में कई बार हंगामे की स्थिति बनी रही।

Related Articles

Back to top button