खेल

भारत की नजरें लगातार दूसरे आईसीसी खिताब को जीतने पर

दुबई। रविवार की रात फैसला हो जाएगा कि चैंपियंस ट्रॉफी का नया बादशाह कौन होगा – क्या 12 साल में दूसरी बार भारत बनेगा चैंपियन ? या फिर 25 साल बाद न्यूजीलैंड एक बार फिर बनेगा विजेता। संयोग देखिए 25 साल पहले भी न्यूजीलैंड ने भारत को मात देकर ही अपना पहला आईसीसी खिताब जीता था। हालांकि उसके बाद कभी वह दोबारा चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में नहीं पहुंचे थे, लेकिन भारत को ही डब्ल्यूटीसी फाइनल में हराकर उन्होंने अपना दूसरा आईसीसी खिताब जीता था।
भारत ने फाइनल का सफर जहां अपराजित रहते हुए तय किया है तो न्यूजीलैंड को इसी मैदान पर पिछले रविवार भारत के ही हाथों एकमात्र हार मिली थी। सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया तो न्यूजीलैंड ने लाहौर में दक्षिण अफ्रीका को मात देकर फाइनल का सफर तय किया है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 12 बार आईसीसी वनडे टूर्नामेंट में टक्कर हो चुकी है, और मजेदार बात ये है कि दोनों ही टीमों के बीच आंकड़ा भी बिल्कुल बराबर है। बात अगर वनडे विश्व कप की करें तो यहां इन दोनों के बीच हुए 10 मुकाबले में पांच बार बाजी भारत ने मारी है, तो न्यूजीलैंड भी पांच बार विजेता रहा है।
2023 वनडे विश्व कप में तो दो बार भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने आए थे – एक बार ग्रुप स्टेज में और दूसरी बार सेमीफाइनल में भी हुई थी टक्कर। दोनों ही मर्तबा भारतीय टीम के सिर बंधा था जीत का सेहरा। बात अगर चैंपियंस ट्रॉफी की करें तो इन दोनों के बीच दो बार टक्कर हुई है। एक बार जहां 2000 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को हराकर न्यूजीलैंड पहली और इकलौती बार चैंपियन बना था। तो इसी प्रतियोगिता के ग्रुप मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को दी थी मात।

Related Articles

Back to top button