मुंबई-न्यूयॉर्क एअर इंडिया फ्लाइट में बम की धमकी, विमान वापस लौटा

मुंबई। मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की उड़ान में बम की धमकी मिलने के बाद विमान को तुरंत मुंबई वापस लाया गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विमान में 320 से अधिक यात्री सवार थे और वह सुरक्षित रूप से मुंबई हवाई अड्डे पर उतर गया। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं।
एअर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान में बताया गया, आज, 10 मार्च 2025 को, मुंबई-न्यूयॉर्क (जेएफके) उड़ान एआई 119 में संभावित सुरक्षा खतरे का संकेत मिला। सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, विमान को मुंबई वापस लाया गया। सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के शौचालय में एक पत्र मिला, जिसमें बम रखे होने की धमकी दी गई थी।
सूत्रों ने बताया कि बोइंग 777-300 ईआर विमान में चालक दल के 19 सदस्यों सहित कुल 322 लोग सवार थे। एयरलाइन के अनुसार, विमान सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर सुरक्षित रूप से मुंबई हवाई अड्डे पर उतरा। एयर इंडिया ने यह भी कहा कि सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं और एयरलाइन इस प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रही है। इस उड़ान को अब पुनर्निर्धारित कर 11 मार्च को सुबह 5 बजे प्रस्थान करने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों के लिए होटल में ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।



