
-भाईचारे व आपसी सौहाद्र के साथ रंगों का त्यौहार मनाने की अपील
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। होली की पूर्व बुधवार की शाम आमजन को सुरक्षा का एहसास कराने और हुड़दंगियों को संदेश देने के लिए सीपत पुलिस ने थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला। होली के त्योहार पर शांति व्यवस्था को कायम करने के लिए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला और लोगों से त्योहार परंपरा के अनुरूप आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस के जवान शामिल हुए। सीपत थाने से फ्लैग मार्च निकाला गया। जो थाना चौक, बसस्टैंड, नवीन चौक , राममंदिर , गुप्ता मोहल्ला, बजरंग चौक से फिर नवाडीह चौक से होते हुए मटेरियल गेट पहुंचा। टीआई गोपाल सतपथी ने बताया की रंग के भंग में करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही दोपहिया वाहन में तीन सवारी या शराब पीकर वाहन चलाने वालों के वाहनों पर भी कार्रवाई की जाएगी। टीआई गोपाल सतपथी ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य प्रशासन की कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास जगाना और साथ ही उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देना है। पुलिस उत्सव के दौरान गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटने के लिए तैयार है। अपराधियों और उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हम लापरवाह वाहन चालकों पर भी नजर रखेंगे। पुलिस के जवानों ने लोगों को शांति व सद्भाव के साथ मिलजुलकर होली का त्योहार मनाने की अपील की।
पुलिस के जवानों ने पैदल चलकर लोगों को चेताया कि होली में हुड़दंगई बर्दाश्त नही की जाएगी। ऐसा करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। इस दौरान थाना प्रभारी गोपाल सतपथी , एएसआई सहेत्तर कुर्रे , एएसआई धर्मेंद्र यादव , प्रधान आरक्षक प्रफुल्ल ठाकुर , कौशल प्रसाद वस्त्रकार , परमेश्वर ठाकुर , जेएस बंजारे , मनहरण ठाकुर आरक्षक प्रकाश जगत , प्रियंका मिश्रा , ज्योति जगत सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



