लुतरा शरीफ में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का कल होगा सम्मान
महीना उर्स के साथ कल शाही रोजा इफ्तार, बड़ी संख्या में शामिल होंगे जायरीन

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तहत हाल ही में चुनाव जीतकर पंचायतों की जिम्मेदारी संभाल रहे ग्रामीण जनप्रतिनिधियों का मंगलवार को सूफी-संत हुजूर बाबा सैय्यद इंसान अली शाह के महीना उर्स के मुबारक मौके पर सम्मान किया जाएगा। शहंशाहे छत्तीसगढ़ हजरत बाबा सैयद इंसान अली शाह रहमतुल्लाह अलैहे की दरगाह परिसर में ग्राम पंचायत लुतरा के सरपंच,पंच,जनपद सदस्य, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य का सम्मान इंतेजामिया कमेटी दरगाह लुतरा शरीफ द्वारा किया जाएगा। रमजान उल मुबारक के मौके पर मंगलवार को रमजान की 17 वें रोजा के अवसर पर कमेटी के मोहम्मद कुद्दुश की ओर से शाही रोजा इफ्तार का भी आयोजन किया गया है। दरगाह इंतजामिया कमेटी लुतरा शरीफ के आयोजन में ग्रामीण क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही बड़ी संख्या में मुस्लिम रोजेदार इस इफ्तार पार्टी में शामिल होंगे। मालूम हो कि मुस्लिम समाज का पाक महीना रमजान चल रहा है। इस मौके पर मुस्लिम घरों,मस्जिदों में रोजा, इबादत का माहौल है। इस महीने में रोजा इफ्तार कराना भी सवाब का काम माना जाता है।कमेटी के लंगर इंचार्ज मोहम्मद कुद्दूस भाई चांटीडीह की तरफ से इफ्तार का आयोजन किया गया है। दरगाह परिसर में आयोजित इफ्तार पार्टी में सभी धर्म वर्ग के लोग शामिल होते है। कौमी एकता,भाईचारा और सद्भावना की बयार इस पाक जमीन से पूरे छत्तीसगढ़ में बहती है। लोगों के बिगड़े काम यहां आने से बन जाते हैं यही कारण है की सभी धर्म के लोग साल भर यहां आकर बाबा के फैज से अपने दुख मुसीबत से छुटकारा पाते है।


