
रायपुर। नगर निगम में मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) के सदस्यों की नामों की घोषणा हो गई है। एमआईसी में नए और पुराने पार्षदों का समीकरण देखने को मिला। सीनियर पार्षदों में उप नेता प्रतिपक्ष रहे मनोज वर्मा, दीपक जायसवाल, सरिता दुबे के नाम लिस्ट में हैं।
वहीं नए पार्षदों में खेम कुमार सेन, संतोष साहू, जैसे पहली बार पार्षद बने कैंडिडेट के नाम शामिल है। रायपुर निगम में 70 वार्ड पार्षद हैं। वार्ड के अनुपात में 20 प्रतिशत पद एमआईसी के लिए निश्चित किए गए हैं।
इसके अनुसार 14 अलग-अलग विभाग तय किए जाएंगे और हर विभाग के अध्यक्ष के रूप में एक एमआईसी सदस्य नियुक्त किए जाएंगे। इनमें जल, स्वास्थ्य, संस्कृति, राजस्व, वित्त, उद्यान, नगर निवेश, लोक निर्माण जैसे विभाग महत्वपूर्ण हैं। नगर निगम में एमआईसी सदस्यों की भूमिका और जिम्मेदारी महत्वपूर्ण होती है। राज्य में जिस तरह मंत्रियों की भूमिका होती है। उसी तरह नगर निगम में एमआईसी सदस्यों की भूमिका कैबिनेट की तरह होती है। एमआईसी गठन का अधिकार महापौर को होता है।


