देश / विदेश

जैसलमेर में ४६ डिग्री तक पहुंचा तापमान, ९ राज्यों में बारिश की चेतावनी

छत्तीसगढ़, बिहार, असम सहित मैदानी इलाकों में हो सकती है बारिश

नई दिल्ली। दिल्ली-राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में एक ओर जहां भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं, बिहार और पूर्वी यूपी समेत कई राज्यों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी शुक्रवार को बिहार, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में ४०-५० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी संभावना है।

यहां पर चलेंगी ७० किमी की रफ्तार से हवाएं

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, अगले ५ दिनों के दौरान पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। १८ अप्रैल को बिहार में और उत्तरी कर्नाटक में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है और ७० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। १८ और १९ अप्रैल को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। १८ और १९ अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी तेज़ हवाएं (३०-४० किमी प्रति घंटे से लेकर ५० किमी प्रति घंटे की गति) चलने की उम्मीद है।

इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश और महाराष्ट्र में आज भी भीषण गर्मी का असर देखा जा सकता है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। देश में पिछले २४ घंटे के दौरान सबसे ज़्यादा अधिकतम तापमान ४६.० डिग्री सेल्सियस राजस्थान के जैसलमेर में दर्ज किया गया।

राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में

राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जैसलमेर में ४६ और बीकानेर में इस मौसम का सबसे अधिक तापमान ४५.१ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि २० अप्रैल के बाद चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। बाड़मेर में भी ४५ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। फलौदी में ४४.८ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
चूरू और चित्तौडग़ढ़ में ४४.२ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पिलानी में ४४.१ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कोटा में ४३.३ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया और बनस्थली (टोंक) और भीलवाड़ा दोनों में तापमान ४३.२ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गंगानगर में ४३ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button