
जम्मू कश्मीर। पहलगाम हमले के कुछ घंटों बाद ही जम्मू-कश्मीर की नियंत्रण रेखा पर भारत और पाकिस्तान के बीच टकराव की खबर सामने आई है। पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी के जवाब में भारतीय सेना ने प्रभावशाली प्रतिक्रिया दी है। एलओसी के कई इलाकों में फायरिंग और तनाव का माहौल बना हुआ है।
हमले के तुरंत बाद उत्तर कश्मीर और पीर पंजाल के इलाकों में लड़ाकू विमान तैनात किए गए हैं। आसमान में लगातार इनकी गश्त जारी है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। जम्मू-कश्मीर में फिलहाल हाई अलर्ट जारी है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के पास बैसरन मैदान में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस क्रूर हमले में 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए, जबकि कई घायल हुए हैं। यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस हमले के बाद पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों में कटौती करने का फैसला किया है। साथ ही कई कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी है।
दिल्ली के चांदनी चौक में व्यापारियों का विरोध, बाजार बंद
हमले के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के चांदनी चौक बाजार में व्यापारियों ने स्वेच्छा से बंद रखा है। उनका कहना है कि निर्दोष नागरिकों पर हमला कायरता है और इसके लिए केंद्र को कड़ा रुख अपनाना चाहिए।
राहुल गांधी का जम्मू-कश्मीर दौरा, घायलों से मिलेंगे
विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। वे अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज जाकर घायल पर्यटकों से मिलेंगे और उनका हालचाल जानेंगे। राहुल गांधी का यह दौरा संवेदना और राजनीतिक प्रतिक्रिया दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



