दिल्ली समेत 8 राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके प्रभाव की वजह से देश के कई राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने एक मई से 5 मई के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज, बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 30 अप्रैल से 4 मई के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की उम्मीद है। 30 अप्रैल को असम और मेघालय में भारी वर्षा होने की संभावना है। 30 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। 1 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और 01-05 मई के दौरान राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।



