कारोबार

निवेशकों ने कमाए 16 लाख करोड़

सेंसेक्स-निफ्टी में 4 साल में सबसे बड़ी तेजी

मुंबई । भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम पर सहमति बनने से निवेशकों में खुशी की लहर दौड़ गई और इसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। एक ही दिन में निवेशकों की संपत्ति में 16 लाख करोड़ रुपए से अधिक की वृद्धि हुई। सेंसेक्स और निफ्टी में फरवरी 2021 के बाद सबसे अधिक करीब 4 फीसदी की तेजी देखने को मिली।
सकारात्मक वैश्विक और घरेलू संकेतों से मार्केट सेंटीमेंट को बल मिला और भारतीय शेयर बाजारों ने बीते चार वर्षों में बेस्ट सिंगल डे परफॉर्मेंस दर्ज करवाने में बड़ी सफलता हासिल की।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 2,975.43 अंक या 3.74 प्रतिशत की शानदार तेजी के साथ 82,429.90 स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 916.70 अंक या 3.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,924.70 पर बंद हुआ। यह पिछले चार वर्षों में दोनों सूचकांकों के लिए दूसरा सबसे बड़ा ‘प्रतिशत लाभ’ था, इससे पहले एकमात्र बड़ी तेजी 1 फरवरी, 2021 को दर्ज की गई थी, जब सूचकांक 4.7 प्रतिशत से अधिक चढ़े थे।

Related Articles

Back to top button