
नई दिल्ली । सोना और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। लगातार रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली और बाजार में करेक्शन के चलते दोनों कीमती धातुओं के दाम अचानक टूट गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर कारोबार की शुरुआत से ही सोना और चांदी लाल निशान में नजर आए।
सबसे ज्यादा दबाव चांदी की कीमतों पर देखने को मिला। एमसीएक्स पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी करीब 24,000 रुपये टूटकर 3,75,900 रुपये प्रति किलो पर आ गई। इससे एक दिन पहले ही चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था। गुरुवार को इसका भाव 3,99,893 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था, जबकि लाइफ टाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था। इस स्तर से एक ही दिन में करीब 44,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली।
वहीं सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट आई। एमसीएक्स पर सोना खुलते ही करीब 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। लगातार ऊंचाई पर कारोबार के बाद सोने में भी मुनाफावसूली का असर साफ दिखा।



