देश / विदेश

भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस ने चिंता बढ़ाई

एक्टिव केस 4 हजार के करीब, 24 घंटे में 6 मौतें, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

नई दिल्ली। भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस चिंता बढ़ा रहा है। बीते कुछ दिनों में संक्रमण के मामलों में तेज़ उछाल देखा गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में एक्टिव केसों की संख्या बढक़र 3976 हो चुकी है। महज 10 दिनों में संक्रमितों की संख्या में 15 गुना इजाफा हुआ है, जो एक गंभीर संकेत है। केरल इस वक्त सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य बना हुआ है, जहां 1435 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र में भी हालात चिंताजनक हैं, जहां 506 मरीज अभी इलाजरत हैं। इसके अलावा कर्नाटक में भी मामले तेजी से सामने आ रहे हैं, यहां 238 एक्टिव केस हैं।
पिछले 24 घंटों में 6 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है, जिससे इस लहर में जान गंवाने वालों की कुल संख्या 34 हो गई है। सोमवार को अहमदाबाद में 18 साल की गर्भवती युवती और 47 वर्षीय महिला की मौत हो गई। रविवार को दिल्ली में 22 साल की युवती और तमिलनाडु में 25 साल का युवक इस वायरस का शिकार हो गया था।
कोरोना के दोबारा फैलाव को देखते हुए राज्य सरकारें भी हरकत में आ गई हैं। कर्नाटक सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनें, सामाजिक दूरी बनाए रखें और स्वच्छता का पालन करें। बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button