देश / विदेश

ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत , सीएम योगी ने जताया दुख

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सोमवार को एक सडक़ हादसा सामने आया है, जहां ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मामला बाराबंकी के रामनगर का है। बताया जा रहा है कि अर्टिगा सवार लोग कानपुर से गोंडा जा रहे थे, तभी ट्रक और अर्टिगा में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में तीन पुरुष और एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हुए बच्चों में एक की उम्र 10 वर्ष और एक की 9 वर्ष है।
वहीं, हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बता दें कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सडक़ हादसे पर दुख जताया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद बाराबंकी में सडक़ हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Related Articles

Back to top button