प्रभातफेरी मंडली ने निकाली पहली बार जगन्नाथ रथयात्रा, जीवंत झांकियों ने मोहा मन
सीपत में ऐतिहासिक आयोजन, श्रद्धालुओं ने रंगोली व आरती से किया स्वागत

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। रथयात्रा के पावन अवसर पर शुक्रवार सुबह सीपत बसस्टैंड की प्रभातफेरी मंडली द्वारा ऐतिहासिक और भव्य जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन किया गया।
यात्रा की शुरुआत बसस्टैंड स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर से की गई, जो थाना चौक होते हुए पुन: मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई। इस शुभ यात्रा में भगवान बलराम, श्रीकृष्ण एवं माता सुभद्रा की जीवंत और अत्यंत मनोहारी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने झांकियों को देख भावविभोर होते हुए जयकारों के साथ स्वागत किया। नगरवासियों ने रथयात्रा के स्वागत हेतु अपने घरों के द्वार पर रंगोली सजाई, दीप जलाए और आरती उतारकर शुभकामनाएं दीं। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। खास बात यह रही कि प्रभातफेरी मंडली द्वारा सीपत में पहली बार इस प्रकार की रथयात्रा का आयोजन किया गया, जिसकी सर्वत्र सराहना हो रही है। यात्रा के समापन पर मंदिर प्रांगण में सामूहिक आरती हुई, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया।


