रथयात्रा पर्व पर श्रद्धा और एकता का संगम: श्रीपतेश्वर महादेव मंदिर में चढ़ा नया कलश
निकली भव्य यात्रा और हुआ महाप्रसाद

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। रथयात्रा के पावन पर्व पर शुक्रवार को ग्राम सीपत स्थित ऐतिहासिक श्रीपतेश्वर महादेव मंदिर में ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से मंदिर शिखर पर नया कलश चढ़ाया गया।
इस अवसर पर नगर में भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। कलश यात्रा का शुभारंभ सुबह स्कूल मोहल्ला से हुआ, जहां श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन के साथ नगर भ्रमण किया। जयघोष की गूंज के बीच यात्रा जब मंदिर पहुंची, तो पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात मंदिर की शीर्ष पर कलश को विधिपूर्वक स्थापित किया गया। तत्पश्चात महाआरती सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. आयोजन के पश्चात भव्य प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें ग्रामवासियों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने श्रद्धा के साथ भागीदारी निभाई। ज्ञात हो कि मंदिर का पूर्व कलश हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके बाद ग्रामवासियों की बैठक में सर्वसम्मति से नए कलश को स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इस पुण्य कार्य में ग्रामवासियों की भावनात्मक भागीदारी और सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा। इस आयोजन ने ग्राम में धार्मिक एकजुटता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।



