देश / विदेश

उत्तरकाशी में बादल फटने से मची तबाही

नौ मजदूर लापता, राहत कार्य जारी

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शनिवार देर रात यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड के पास बादल फटने से भारी तबाही हुई। घटना में एक निर्माणाधीन होटल पूरी तरह तबाह हो गया, जहां काम कर रहे कई मजदूर लापता हो गए हैं। अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि सात अन्य की तलाश जारी है।
घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि अब तक 10 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें उनके घर भेजा जा चुका है। लापता मजदूरों में पांच नेपाली, तीन देहरादून और एक उत्तर प्रदेश का बताया जा रहा है।
एसआई विक्रम सिंह ने जानकारी दी कि दो मजदूरों के शव 18 किलोमीटर दूर यमुना नदी तट पर तिलाड़ी शहीद स्मारक के पास से मिले हैं। शवों की शिनाख्त के लिए साथी मजदूरों को बुलाया गया है।

सीएम धामी की निगरानी में राहत कार्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से तत्काल राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और पूरी तत्परता से काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि घटनास्थल तक मशीनें नहीं पहुंच पा रही हैं, ऐसे में टीमें ही मलबा हटाकर लापता लोगों को खोजने में लगी हैं।

Related Articles

Back to top button