छत्तीसगढ़

बिटकुला में सेवा, स्वास्थ्य और सुरक्षा का संगम : एडिशनल एसपी करियारे ने कहा – हर दुर्घटना एक मां की गोद सूनी कर रही है, हेलमेट अब सिर्फ विकल्प नहीं बल्कि अनिवार्य

- हेलमेट नहीं, तो अब सडक़ों पर जगह नहीं

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम बिटकुला में सोमवार को ग्रामीण जनजीवन को सुरक्षित, स्वस्थ और जागरूक बनाने के उद्देश्य से भव्य स्वास्थ्य परीक्षण मेला, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 3000 से अधिक ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर लाभ उठाया, वहीं सैकड़ों ग्रामीणों ने रक्तदान कर मानवीय सेवा का परिचय दिया। मौके पर 55 लोगों को तत्काल ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र धीवर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान एडिशनल एसपी (यातायात) रामगोपाल करियारे विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर स्वयं रक्तचाप एवं रक्त परीक्षण भी कराया एडिशनल एसपी करियारे ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा सडक़ हादसों में असमय मौतें ग्रामीण समाज की सबसे बड़ी क्षति हैं। सबसे अधिक मौतें उन लोगों की होती हैं जो किसी परिवार के आधार स्तंभ होते हैं।


उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई होगी। शराब सेवन, तेज रफ्तार व मोबाइल उपयोग जैसे कारणों से हो रही मौतों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। सीट बेल्ट, ट्रैफिक नियमों और वाहन चालकों के प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सुरक्षा हेतु चेतना सियान योजना चलाई जा रही है। एडिशनल एसपी ने कहा कि, हमारी सबसे बड़ी पूंजी हमारे बच्चे हैं। सडक़ दुर्घटनाएं उन्हीं की किलकारियों को बंद कर रही हैं। अब समय आ गया है कि नियमों को पालन कर हम स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा करें।
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने कहा कि अब पुलिस और समाज मिलकर अपराध एवं असुरक्षा से लडऩे के लिए तैयार हैं। बीट सिस्टम को मजबूत कर क्षेत्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। आप सभी यातायात नियमो का पालन कर अपने आप को सुरक्षित बनाएं और अपराधों पर नियंत्रण करने पुलिस का हरसंभव सहयोग करें। इस दौरान प्रमुख रूप से जिपं सदस्य राजेन्द्र धीवर, जिपं सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या, सरपंच श्रीमती बुधवारा गंधर्व, पूर्व सरपंच बुटन पाटनवार, राज्यवर्धन कौशिक, भाजपा नेता अभिलेश यादव, बलराम पाटनवार, मदनलाल पाटनवार, रमनगिरी गोस्वामी, मड़ई सरपंच फिरत अनंत, श्रीमती नंदनी साहू, लक्ष्मी प्रसाद साहू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। समापन अवसर पर रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत मे अतिथियों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत तालाब परिसर में पौधरोपण कर लोगों को जागरूक किया। आयोजन को सफल बनाने में उपसरपंच कौशल पाटनवार, सरपंच प्रतिनिधि लवकुमार गंधर्व, अर्जुन वस्त्रकार, अजय यादव, सचिव विश्वेश्वर श्रीवास, श्याम डॉ हॉस्पिटल बिलासपुर से डॉ योगेंद्र पसारे, डॉ. श्रेष्ठा शर्मा, डॉ गरिमा पटेल, अरुण सिंह, अंकेश शर्मा सहित ग्राम पंचायत बिटकुला के पंचगण और ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button