छत्तीसगढ़

सडक़ हादसों पर लगेगा ब्रेक; सीपत क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, ट्रैफिक सुधार के लिए मैदान में उतरे एएसपी करियारे

- सडक़ हादसों पर ‘ऑपरेशन ब्रेक’ शुरू — सीपत में ट्रैफिक सुधार की सर्जरी, एएसपी करियारे के निर्देश पर बदलेगा सिस्टम

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सडक़ हादसों ने अब प्रशासन को सख्त रुख अपनाने पर मजबूर कर दिया है। सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे खुद सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम जांजी पहुंचे और हाल ही में सडक़ दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले ग्रामीणों के परिजनों से मिलकर न केवल संवेदना प्रकट की, बल्कि हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।
उन्होंने पीडि़त परिवारों को आश्वस्त किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलते ही बीमा प्रक्रिया को तेज़ी से पूरा कराया जाएगा। ग्राम जांजी पहुंचे एएसपी करियारे ने सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र पाटले और उप-सरपंच प्रदीप यादव के साथ बैठक की। इस दौरान ग्राम पंधी में शुक्रवार को हुए हादसे में मृत हरीश सिंह क्षत्रिय उर्फ दद्दू और सकून सिंह के परिजनों से भी मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि पोस्टमार्टम के रिपोर्ट के आते ही बीमा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाएगी। उन्होंने पीडि़त परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
एएसपी करियारे ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के साथ विशेष बैठक कर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में ठोस सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने सीपत-बलौदा मुख्य मार्ग सहित अन्य व्यस्त रास्तों पर दुर्घटनाओं के हॉटस्पॉट चिन्हित करने के साथ वहां चेतावनी बोर्ड, रंबल स्ट्रिप और संकेतक लगाने का आदेश दिया। तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।
जांजी के बस स्टैंड चौक का निरीक्षण करते हुए उन्होंने त्रिभुजाकार ट्रैफिक पॉइंट विकसित करने का सुझाव दिया, जिससे वहां होने वाली अव्यवस्था को नियंत्रित किया जा सके। इसके अलावा नहर पुल के पास फैली गंदगी को हटाकर सडक़ को चौड़ा करने और ट्रैफिक प्रवाह को सुचारू करने की योजना भी बनाई गई।
एक और अहम निर्णय में प्रशासन ने तय किया है कि मुख्य मार्गों पर लगने वाले हाट-बाजारों को वैकल्पिक स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा, जिससे यातायात में अवरोध न हो। इसके लिए ग्राम प्रतिनिधियों से समन्वय कर उचित स्थल का चयन किया जाएगा।
ट्रैफिक नियमों के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता लाने के लिए ‘यातायात मित्र’ बनाए जाएंगे और सडक़ सुरक्षा पाठशालाएं शुरू की जाएंगी। गांव-गांव में शिविर लगाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति सजग करने की दिशा में काम किया जाएगा।
ग्राम जांजी, सीपत, गुड़ी, हिंडाडीह और धनिया जैसे संवेदनशील स्थानों पर मौजूद अंधे मोड़ों की विशेष जांच कर वहां सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे। इसके साथ ही पंधी, नवाडीह, खम्हारिया और कुली जैसे ट्रैफिक दबाव वाले क्षेत्रों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी।
थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि एएसपी के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी विभाग को पत्र भेजा गया है, जिसमें चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर जरूरी संकेतक और संरचनाएं लगाने की मांग की गई है। साथ ही मुड़पाड़, कुकदा और करमा गांवों में सडक़ सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन की इस पहल से उम्मीद है कि सीपत क्षेत्र की सडक़ें न केवल सुरक्षित बनेंगी, बल्कि यहां की जनता को एक सुव्यवस्थित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था भी मिलेगी।

Related Articles

Back to top button