मां के नाम एक पेड़ अभियान के तहत सीपत में हुआ सामूहिक पौधरोपण, लिया संरक्षण का संकल्प

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। एक पेड़ मां के नाम महाअभियान के अंतर्गत शनिवार को ग्राम पंचायत सीपत में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए सामूहिक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अमृत सरोवर गजाबंद तालाब और सूंघा पैठू तालाब परिसर में यह पौधरोपण ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार एवं उपसरपंच प्रतिनिधि शशिकांत साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अभियान में गांव के सभी मेट, पंच, ग्रामीणजन, महिला समूहों एवं युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान न केवल पौधे लगाए गए, बल्कि उनकी सुरक्षा व नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि हर पौधा एक मजबूत पेड़ बनकर पर्यावरण की रक्षा में योगदान दे। सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार ने कहा कि एक पेड़ सिर्फ पर्यावरण नहीं बचाता, वह आने वाली पीढिय़ों के लिए जीवन का आधार बनता है। मां के नाम एक पेड़ लगाकर हम न केवल अपनी भावना व्यक्त कर रहे हैं, बल्कि धरती मां को भी नमन कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि हर तालाब के किनारे हरियाली बढ़े और पर्यावरण संतुलन बना रहे।
उपसरपंच प्रतिनिधि शशिकांत साहू ने कहा ने कहा कि तालाब हमारे गांवों की धरोहर हैं। जल और जीवन दोनों की रक्षा के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है। आज का यह अभियान केवल शुरुआत है, हम हर वार्ड में इसे निरंतर चलाएंगे और हर पेड़ की जिम्मेदारी ग्रामवासी मिलकर उठाएंगे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को हर घर तक पहुंचाने और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



