छत्तीसगढ़

पेड़ पौधे धरती के अनमोल आभूषण, सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी : सूर्यप्रकाश

- शासकीय हाईस्कूल पोड़ी में हुआ प्रेरणादायक वृक्षारोपण, सरपंच सूर्यप्रकाश शेष के नेतृत्व में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। प्रकृति में संतुलन बनाए रखने एवं पर्यावरण को संरक्षित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत पोड़ी में एक पेड़ माँ के नाम महाअभियान के तहत शनिवार को शासकीय हाईस्कूल परिसर में प्रेरणादायक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्राम सरपंच सूर्यप्रकाश शेष के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने हाथों में पौधे लेकर मां के सम्मान में धरती के कल्याण में भावनात्मक संकल्प लेते हुए वृक्षों की सुरक्षा व देखभाल का प्रण लिया।
सरपंच सूर्यप्रकाश शेष ने कहा कि पेड़ पौधे इस धरा के अनमोल आभूषण है और इसे सहेजना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। माँ हमें जीवन देती है और पेड़ धरती को जीवन देते हैं। यदि हम हर पेड़ को माँ की तरह सहेजें, तो आने वाली पीढिय़ों को शुद्ध हवा, हरियाली और जीवनदायिनी प्रकृति की अमूल्य सौगात मिलेगी। एक पेड़ माँ के नाम केवल अभियान नहीं, यह भावनात्मक कर्तव्य है माँ, प्रकृति और पृथ्वी तीनों के प्रति। इस दौरान सचिव हेमंत पटेल , मन्नू यादव, अशोक साहू, सुमेंद्र यादव, नंदू साहू, संजय बरेठ, रामप्रसाद साहू सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सहभागिता देखते ही बनती थी। बच्चों में भी विशेष उत्साह रहा। सभी ने मिलकर पौधों को उचित स्थानों पर रोपित किया एवं उनकी नियमित देखभाल करने का जिम्मा लिया।

Related Articles

Back to top button