छत्तीसगढ़

वृक्ष लगाना सिर्फ एक पौधा नहीं बल्कि भविष्य बोना है : जिपं सदस्य राजेन्द्र धीवर

बहुउद्देशीय स्कूल खम्हरिया में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण

जिपं सदस्य राजेंद्र धीवर व संचालक अहमद मोमिन के प्रेरणादायी विचारों ने जीता दिल

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। शनिवार को बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खम्हरिया में ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र धीवर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन और ओजस्वी विचारों ने उपस्थित विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना जगाई। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र धीवर ने कहा कि वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। पेड़ सिर्फ ऑक्सीजन नहीं देते, यह मानवता की सांसें बचाते हैं। यदि हमें भावी पीढिय़ों को सुरक्षित वातावरण देना है, तो हर व्यक्ति को यह संकल्प लेना होगा कि वह हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे। हमारी सोच में जब तक पर्यावरण का रंग नहीं घुलेगा, तब तक हम सही मायनों में विकास की ओर नहीं बढ़ सकते। उनकी इस अपील ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सभी लोगों को प्रेरित किया और ‘वृक्षारोपण’ को एक धर्म और जि़म्मेदारी के रूप में अपनाने का भाव जगाया।
इस अवसर पर फार्मास्यूटिकल कॉलेज एवं जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल बलौदा के डायरेक्टर डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए और उसे जीवित रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। ग्राम पंचायत खम्हरिया की आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. गरिमा पटेल ने पर्यावरण व स्वास्थ्य के गहरे संबंधों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। विद्यालय के प्रबंध संचालक अहमद मोमिन ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रह सकती। विद्यार्थियों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को जीवन का हिस्सा बनाना होगा। पेड़ लगाने का भाव हमारे मानवीय मूल्यों में शामिल होना चाहिए। यह न केवल प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को एक सुरक्षित धरती सौंपने का संकल्प भी है। अंत मे विद्यालय के प्राचार्य बलराम यादव ने ‘वृक्ष लगाओ, धरती बचाओ’ का संदेश देते हुए पर्यावरण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को विद्यालय परिवार द्वारा मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सचिव कन्हैया लाल साहू, जनपद सदस्य देवेश शर्मा, खम्हरिया सरपंच श्रीमती श्वेता शैलेन्द्र खांडेकर, उपसरपंच बुधवाराबाई, मड़ई सरपंच फिरत अनंत, कुली सरपंच बलराम वस्त्रकार, ऊनि सरपंच श्रीमती छविलता देव साहू, कोटवार नवल चौहान, तथा विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। यह आयोजन सिर्फ एक पौधरोपण नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को निभाने की ओर उठाया गया सशक्त कदम था।

Related Articles

Back to top button