जिंदगी में कुछ करना है तो सकारात्मक रहो, लक्ष्य साधो और एकलव्य की तरह भविष्य संवारो : एसएसपी रजनेश सिंह
कर्मा से ‘सियान चेतना’ अभियान का हुआ भव्य शुभारंभ

नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा पर दी प्रेरणादायक सीख, बीट आरक्षकों को किया सम्मानित
सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ‘सपने वो नहीं जो नींद में आएं, सपने वो हैं जो नींद न आने दें , पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के इन प्रेरक शब्दों से अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मंगलवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कर्मा में ‘आओ संवारे कल अपना’ अभियान के तहत आयोजित विशाल जनजागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संबोधित किया। एसएसपी ने छात्रों को जीवन में पॉजिटिव सोच के साथ आगे बढऩे, लक्ष्य को साधने और एकलव्य की तरह कठोर अभ्यास से भविष्य को संवारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘आपका जुनून’ ही आपके जीवन की दिशा तय करेगा। आज जो बच्चे मेहनत करेंगे, वही कल समाज को नई दिशा देंगे। इस दौरान मंच पर सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी , सरपंच नंदकुमार साहू , राजकुमार शुक्ला , पायल एक नया सवेरा वेलफेयर फाउंडेशन की संस्थापक पायल लाट , प्रेम सलूजा , एसएमडीसी के अध्यक्ष पुनीतराम साहू सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी प्राचार्य आलोक पांडेय ने किया। अंत मे एसएसपी व यातायात एडिशनल एसपी ने शाला प्रांगण में एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में शाला के सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नशा व्यापारियों की संपत्ति होगी जब्त, समाज में चेतना लाने का वक्त : एसएसपी
एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उनकी संपत्तियों को जब्त किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज कई गांव नशे से मुक्त हो रहे हैं, यह शक्ति स्वरूपाओं की चेतना का परिणाम है।
साइबर फ्रॉड, नशा और यातायात—तीनों मोर्चों पर चला जागरूकता का अभियान
कार्यक्रम में एडिशनल एसपी (यातायात) रामगोपाल करियारे ने युवाओं से कहा कि 15 से 25 वर्ष की उम्र सबसे कीमती होती है, यही समय है अपने जीवन की नींव को मजबूत करने का। उन्होंने हेलमेट की अनिवार्यता, शराब से दूरी और तेज रफ्तार से बचने की सलाह देते हुए कहा कि हर तीसरी दुर्घटना गांवों से होती है। इसका समाधान जागरूकता ही है।
सियान चेतना’ अभियान का शुभारंभ , बुजुर्गों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में एसएसपी ने ‘सियान चेतना’ अभियान का शुभारंभ किया, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि ‘बुजुर्ग समाज की जीवित धरोहर हैं, उनके अनुभव ही हमारी दिशा हैं। उन्हें नमन करना हमारी संस्कृति की पहचान है।’
बीट आरक्षकों को मंच से मिला सम्मान, फाउंडेशन ने बांटी पाठ्य सामग्री
कार्यक्रम में एएसआई सहेत्तर कुर्रे और बीट आरक्षक शैलेन्द्र सिंह एवं ज्योति जगत को एसएसपी द्वारा मंच पर बुलाकर उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं ‘पायल एक नया सवेरा वेलफेयर फाउंडेशन’ की संस्थापक पायल लाट और प्रेम सलूजा ने विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया। पायल लाट ने कहा कि ‘हर बच्चा एक नया सबेरा है, हमें उन्हें उज्ज्वल राह दिखानी होगी।’
एसएसपी ने की टीआई गोपाल सतपथी की तारीफ: ग्रामीणों से बोले खुलकर रखें अपनी बात
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने थाना प्रभारी गोपाल सतपथी की सक्रियता और संवेदनशीलता की प्रशंसा की। टीआई की तत्परता पर मुहर लगाते हुए एसएसपी ने लोगों से कहा कि आपके क्षेत्र के टीआई बेहद सक्रिय हैं, जनता की बात सुनकर तुरंत कार्रवाई करते हैं। उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एसएसपी बोले, यदि आपको कोई भी समस्या हो, तो बिना झिझक थाना प्रभारी से संपर्क करें। थाना स्तर पर पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।
एक पेड़ मां के नाम एसएसपी और एएसपी ने किया पौधरोपण
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एसएसपी व एडिशनल एसपी ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर कार्यक्रम को सार्थक संदेश के साथ विराम दिया।



