छत्तीसगढ़

दिलेन्द्र कौशिल को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का बिलासपुर संभाग सह प्रभारी नियुक्त

कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने आगामी संभाग स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष राकेश चंद्राकर एवं संगठन महामंत्री पवन साय की सहमति से दिलेन्द्र कौशिल को बिलासपुर संभाग का सह प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ सह प्रभारी के रूप में राजेश यादव तथा प्रभारी पद पर प्रदेश मंत्री सुश्री ऋतू चौरसिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति आगामी 28-29 जुलाई को प्रस्तावित दो दिवसीय पिछड़ा वर्ग सम्मेलन की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। इस निर्णय से पूरे बिलासपुर संभाग के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और गर्व की लहर है।

संगठन निर्माण में दिलेन्द्र कौशिल का सशक्त योगदान

दिलेन्द्र कौशिल वर्षों से संगठनात्मक कार्य में सक्रिय रहे हैं। विद्यार्थी परिषद में विभाग संगठन मंत्री, जांजगीर जिले में संगठन सहायक के रूप में उल्लेखनीय कार्य कर चुके हैं। साथ ही पिछड़ा वर्ग मोर्चा में कोरबा प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि और संगठन निर्माण की रणनीतिक दक्षता को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई है। उनकी पत्नी भी भाजपा से जिला पंचायत सदस्य और प्रत्याशी रह चुकी हैं, जिससे उनके परिवार का संगठन के प्रति समर्पण और भी स्पष्ट होता है।

राजेश यादव और ऋतू चौरसिया को भी मिली जिम्मेदारी

सह प्रभारी राजेश यादव भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति की शुरुआत कर विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। उन्होंने भाजयुमो में मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तर तक कार्य किया है। वर्तमान में वे पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं। प्रभारी सुश्री ऋतू चौरसिया प्रदेश मंत्री होने के साथ-साथ कोरबा नगर निगम में पार्षद, महापौर प्रत्याशी, राष्ट्र सेविका, और महिला आयोग की पोषण अभियान टीम की सदस्य भी रह चुकी हैं। पूर्व महापौर के जाति प्रमाण पत्र को चुनौती देकर कानूनी लड़ाई जीतना उनकी निडर छवि को दर्शाता है।

सम्मेलन की तैयारी जोरों पर

भाजपा द्वारा घोषित यह संगठनात्मक संरचना आगामी सम्मेलन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दलित, पिछड़ा और वंचित वर्ग को सशक्त करने की दिशा में इस सम्मेलन को एक निर्णायक कदम माना जा रहा है. बिलासपुर संभाग के कार्यकर्ताओं में दिलेन्द्र कौशिल की नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त किया जा रहा है। स्थानीय नेताओं और समर्थकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे संगठन की मजबूती के लिए एक सार्थक पहल बताया है।

Related Articles

Back to top button