छत्तीसगढ़

महाविद्यालय की भूमि पर सार्वजनिक शौचालय बनाने की मांग

ग्राम पंचायत सीपत सरपंच ने प्राचार्य को सौंपा प्रस्ताव

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम पंचायत सीपत द्वारा आम नागरिकों, विद्यार्थियों और राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पंचायत सरपंच श्रीमती मनीषा वंशकार ने मदन लाल शुक्ल महाविद्यालय, सीपत के प्राचार्य को एक औपचारिक पत्र सौंपते हुए सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए महाविद्यालय की अनुपयोगी शासकीय भूमि का एक छोटा हिस्सा आबंटित करने का अनुरोध किया है।
यह प्रस्ताव ग्राम पंचायत की ओर से इसलिए दिया गया है क्योंकि एनटीपीसी क्षेत्र सहित आसपास के इलाके में सार्वजनिक शौचालय की भारी कमी है, जिससे नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सरपंच ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि महाविद्यालय के अंतर्गत खसरा नंबर 972 की कुल 9.9950 हेक्टेयर भूमि में से केवल 35 बाई 35 वर्ग फीट क्षेत्र शौचालय निर्माण हेतु आबंटित किया जाए, तो इससे बड़ी संख्या में लोगों को स्वच्छता संबंधी राहत मिलेगी। सरपंच मनीषा योगेश वंशकार ने प्राचार्य से इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त कर इसे उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को अग्रेषित करने का आग्रह किया है। उन्होंने इसे एक सार्वजनिक हित की पहल बताते हुए कहा कि यह प्रयास क्षेत्र में स्वास्थ्य, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करेगा।

क्या है मांग का मुख्य उद्देश्य?

क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की गंभीर कमी , राहगीरों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को हो रही असुविधा , महाविद्यालय की अनुपयोगी भूमि का जनहित में बेहतर उपयोग , यह कदम ग्राम पंचायत सीपत की ओर से स्वच्छता मिशन और नागरिक सुविधा को प्राथमिकता देने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है। अब देखना यह है कि महाविद्यालय प्रशासन और शासन स्तर पर इस पर कितनी त्वरित प्रतिक्रिया मिलती है।

Related Articles

Back to top button