देश / विदेश

अरुणाचल प्रदेश में बिना परमिट के रहने वालों पर कड़ी कार्रवाई

अरुणाचल। बिना वैध इनर लाइन परमिट (आईएलपी) के रहने और काम करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। राजधानी क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान में 39 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ की गई है जो राज्य के मूल निवासी नहीं हैं और आईएलपी के बिना राज्य में रह रहे थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। नाहरलागुन-ईटानगर कैपिटल रीजन के एसपी नीलम नेगा ने बताया कि यह अभियान बंदरदेवा, कारसिंगा, नाहरलागुन टाउन और पापू हिल्स जैसे इलाकों में चलाया गया।
आईएलपी की जांच के लिए पुलिस ने श्रमिक शिविरों, कार्यस्थलों और सडक़ किनारे दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान जिन लोगों के पास वैध आईएलपी नहीं थे, उन्हें हिरासत में लेकर कार्यवाही के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट के पास भेजा गया।
बंदरदेवा पुलिस थाने में निरीक्षक कीपा हामक के नेतृत्व में टीम ने तीन लोगों के खिलाफ गैर-एफआईआर मामला दर्ज किया। वहीं नाहरलागुन पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक कृष्णेंदु देव के नेतृत्व में 30 लोगों को हिरासत में लिया गया और उन पर भी गैर-एफआईआर के तहत कार्यवाही की गई। पापू हिल्स थाने के निरीक्षक तरुण माई के नेतृत्व में छह अन्य लोगों को भी बिना वैध आईएलपी के पकड़ा गया।

Related Articles

Back to top button